अंतरराष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा, 213 की मौत, भारत से विशेष विमान रवाना

चीन के बाद कोरोनावायरस अब दुनिया के 17 देशों में पहुंच चुका है। भारत, नेपाल, तिब्बत, कंबोडिया और श्रीलंका में इसके एक-एक मरीज मिल चुके हैं। ऐसे में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे देखते हुए अंतरराष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। हालांकि इससे पहले डब्ल्यूएचओ ने लोगों के मास्क पहनने को लेकर सलाह दी थी। वहीं चीन में  इस खतरनाक वायरस से मरने वालों की संख्या 213 पहुंच चुकी है।


वुहान में फंसे भारतीयों को लाने रवाना हुआ विशेष विमान


चीन में कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर वहां से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए एअर इंडिया का 423 सीटों वाला बी747 विमान शुक्रवार को दिल्ली से दोपहर साढ़े 12 बजे वुहान हवाईअड्डे के लिए रवाना कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय के पांच डॉक्टर और एक पराचिकित्सक कर्मी विमान में हैं।

एयर इंडिया के सीएमडी अश्वनी लोहानी ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट से चीन के वुहान से आज कम से कम 400 भारतीयों को लाया जाएगा। यह विमान कल दो बजे तक वापस आ जाएगा। भारत पहुंचने के बाद यात्रियों के लिए विदेश मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आगे की व्यवस्था की जाएगी। लोहानी ने कहा कि विमान में यात्रियों को किसी तरह की सेवा नहीं दी जाएगी। जो भी खाद्य पदार्थ होंगे वह सीट पॉकेट में रखे होंगे। चालक दल के सदस्यों और यात्रियों के बीच बातचीत भी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि चालक दल के सदस्यों और यात्रियों के लिए मास्क का प्रबंध किया गया है। हमने चालक दल के सदस्यों के लिए सुरक्षा कवच का भी प्रबंध किया है।

विमान वुहान हवाईअड्डे पर दो-तीन घंटे के लिए रुकेगा। सरकार ने चीन के हुबेई प्रांत में रहने वाले 600 भारतीय लोगों से वहां से वापस लौटने की इच्छा जानने के लिए संपर्क किया था। हुबेई प्रांत के वुहान में इस वायरस से सबसे ज्यादा लोग प्रभावित हैं।